Welcome to झारखंड की आवाज   Click to listen highlighted text! Welcome to झारखंड की आवाज
IndiaUncategorizedटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) कॉलोनियों में आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं जनकल्याणकारी व्यवस्थाओं की समीक्षा

पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन

पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) कॉलोनियों में आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं जनकल्याणकारी व्यवस्थाओं की समीक्षा

रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में पलटनगंज एवं बांसकोला पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आर एंड आर) कॉलोनियों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, विकासात्मक कार्यों तथा जनोपयोगी सेवाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान पलटनगंज आर एंड आर कॉलोनी में जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था के निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त कार्य हेतु निविदा प्रक्रियाधीन है। इस पर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निविदा निस्तारण के बाद मौसम अनुकूल होते ही कार्य प्रारंभ किया जाए तथा नवंबर माह तक निर्माण कार्य को हर हाल में पूर्ण किया जाए।
उपायुक्त ने आर एंड आर कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पूर्व में पूर्ण किए जा चुके अवयवों एवं शेष अवयवों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की । उन्होंने जलमीनार, हैंडपंप, बोरिंग तथा घर-घर नल कनेक्शन की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुनर्वासित परिवारों को गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही कॉलोनी परिसर की साफ-सफाई एवं रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

बैठक में कॉलोनी क्षेत्र में आवश्यक सामाजिक एवं सार्वजनिक संस्थानों की उपलब्धता पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि आर एंड आर कॉलोनी के निवासियों के लिए स्वास्थ्य उपकेंद्र, पशु चिकित्सालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र जैसी सुविधाओं की आवश्यकता है। इस पर उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण एवं संचालन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग से संबंधित सुविधाओं के संबंध में उन्होंने निर्देश दिया कि निकटवर्ती स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं अन्य उपलब्ध संस्थानों से यथाशिध्र आवश्यक सेवाओं को टैग कर कॉलोनीवासियों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि पुनर्वासित परिवारों को आवश्यक सेवाओं का लाभ सहज रूप से प्राप्त हो सके।

  1. उपायुक्त ने अपर समाहर्ता, परियोजना प्रभारी आईडब्ल्यूएआई (IWAI), कार्यपालक अभियंता, विशेष प्रमंडल ग्रामीण विकास तथा कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल (PHD) को संयुक्त रूप से पलटनगंज आर एंड आर कॉलोनी का स्थलीय निरीक्षण कर एक सप्ताह के भीतर सभी कमियों की पहचान करते हुए शीघ्र प्रस्ताव समर्पित करने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त बांसकोला में निर्माणाधीन नवीन आर एंड आर कॉलोनी के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आवास निर्माण, बाउंड्री वॉल, जल निकासी व्यवस्था सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन योजनाओं का उद्देश्य प्रभावित परिवारों को बेहतर जीवन-स्तर एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ रूप से कार्य करते हुए परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

बैठक में अपर समाहर्ता श्री विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी-सह-जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री अमर जॉन आइंद, कार्यपालक अभियंता, विशेष प्रमंडल, ग्रामीण विकास विभाग श्री रामाकांत, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल (पीएचईडी) श्री शशि कुमार सिंह तथा परियोजना प्रभारी, आईडब्ल्यूएआई (IWAI) अनुपम सिन्हा सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!