14 दिवसीय कॉस्ट्यूम ज्वेलरी प्रशिक्षण संपन्न, 23 महिलाओं को मिला प्रमाण पत्र व आत्मनिर्भर बनने का संदेश
14 दिवसीय कॉस्ट्यूम
14 दिवसीय कॉस्ट्यूम ज्वेलरी प्रशिक्षण संपन्न, 23 महिलाओं को मिला प्रमाण पत्र व आत्मनिर्भर बनने का संदेश

रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा जिला ब्यूरो साहिबगंज
साहिबगंज। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), साहिबगंज के तत्वावधान में आयोजित 14 दिवसीय कॉस्ट्यूम ज्वेलरी उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। समापन समारोह में आरसेटी के निदेशक प्रदीप कुमार झा, दीपक आजीविका सखी मंडल के प्रखंड प्रबंधक प्रियज्योति सेन तथा आरसेटी के वरीय संकाय राजहंस कुमार ने सभी 23 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रशिक्षण के दौरान आरसेटी की प्रशिक्षक बनपलासी सरकार ने प्रतिभागियों को चूड़ी, लहठी, ईयरिंग, ब्रेसलेट सहित कॉस्ट्यूम ज्वेलरी के विभिन्न आकर्षक उत्पाद बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में शामिल सभी 23 महिलाओं का मूल्यांकन सीता साह और आलम खान द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।
इस अवसर पर निदेशक प्रदीप कुमार झा ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और स्वरोजगार के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ देश के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि आरसेटी और जेएसएलपीएस मिलकर महिलाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों से आई आजीविका सखी मंडल की 23 महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आरसेटी के आकाश कुमार, रंजीत कुमार, सुरेंद्र मुर्मू, तौफिक आलम सहित संस्थान के कर्मियों एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षु महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही।

