एसडीओ ने प्राणपुर पंचायत के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, दावा-आपत्ति कैंप का लिया जायजा
एसडीओ ने प्राणपुर पंचायत के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

एसडीओ ने प्राणपुर पंचायत के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, दावा-आपत्ति कैंप का लिया जायजा
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
राजमहल। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शनिवार को राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ने प्राणपुर पंचायत के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर दावा-आपत्ति के लिए आयोजित विशेष कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मौजूद बीएलओ एवं सुपरवाइजर से मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में एसडीओ ने नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया, नाम संशोधन, विलोपन सहित दावा-आपत्ति से संबंधित मामलों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि पात्र नए मतदाताओं का नाम निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
एसडीओ ने मौके पर उपस्थित बीएलओ एवं सुपरवाइजर को निर्देश देते हुए कहा कि दावा-आपत्ति से संबंधित प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन करते हुए समयबद्ध तरीके से निष्पादन किया जाए। साथ ही पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने मतदान केंद्रों पर चल रहे विशेष कैंप की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। इस दौरान संबंधित बीएलओ, सुपरवाइजर एवं अन्य कर्मी मौजूद रहे।


