साहिबगंज कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 का शुभारंभ, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
साहिबगंज कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 का शुभारंभ

साहिबगंज कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 का शुभारंभ, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज, 28 अगस्त। साहिबगंज कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर शुक्रवार को खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं विभिन्न खेल गतिविधियों का उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के प्रथम दिन आयोजित खेल गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। प्रतियोगिताओं के दौरान कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में प्रो. सामी विक्टर मरांडी, डॉ. रूपा दास, डॉ. अनु सुमन बारा, डॉ. संतोष कुमार चौधरी एवं डॉ. अक्षय कुमार वर्मा समेत कॉलेज के शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं श्रीहंस मनोरंजन जगत के सचिव बच्चू लाल, मिस रिमझिम, शिक्षक सोने लाल मंडल, पोस्टल एडवाइजर श्रवण कुमार मोदी, कबड्डी एसोसिएशन के सचिव लालू यादव, उत्तम कुमार सहित अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में कॉलेज के खेल पदाधिकारी प्रदीप कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के जिला संगठन आयुक्त (DOC), साहिबगंज उमाशंकर सिंह ने आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता की। विभिन्न प्रतियोगिताओं में मुकेश कुमार ने मैच रेफरी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा खेल को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने स्वस्थ, अनुशासित एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने पर भी जोर दिया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूरे कॉलेज परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को खेलों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
