सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखी गई
सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण

सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखी गई
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
परियोजना निदेशक ITDA ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, मरीजों की सुविधा एवं बेहतर चिकित्सा सेवा सुनिश्चित करने पर जोर
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, साहिबगंज के निर्देशानुसार परियोजना निदेशक ITDA श्री संजय कुमार दास ने आज सदर अस्पताल, साहिबगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं तथा अस्पताल की समग्र व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना था।

औचक निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, आपातकालीन सेवाओं, दवा वितरण, जांच एवं अन्य प्रमुख चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, साफ-सफाई, मरीजों की सुविधा, चिकित्सकीय सेवाओं की उपलब्धता तथा आवश्यक संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से अस्पताल में आने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा मरीजों एवं उनके परिजनों से भी बातचीत कर चिकित्सा सुविधा, दवा, जांच एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

परियोजना निदेशक ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को सम्मानजनक व्यवहार के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आमजनों से सीधे जुड़ी हुई हैं और सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज, आवश्यक दवाएं एवं जांच की सुविधा सुचारू रूप से मिले, इसे लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की संभावनाओं को चिन्हित करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया।


