स्वतंत्रता दिवस से पहले सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न
स्वतंत्रता दिवस से पहले सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न

स्वतंत्रता दिवस से पहले सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
डीसी और एसपी ने परेड का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, सुरक्षा व व्यवस्था की समीक्षा
साहिबगंज। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर गुरुवार को साहिबगंज के मुख्य समारोह स्थल सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से अंतिम पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया और समारोह की तैयारियों का जायजा लिया।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत परेड का अभ्यास किया। सार्जेंट मेजर एवं सार्जेंट के नेतृत्व में परेड की विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासित एवं गरिमापूर्ण ढंग से मार्च-पास्ट किया। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परेड की टुकड़ियों का निरीक्षण करते हुए सलामी ली तथा जवानों एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
पूर्वाभ्यास से पहले उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद ध्वजारोहण का पूर्वाभ्यास किया गया। स्कूली छात्राओं ने ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रीय गीत और ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का भी पूर्वाभ्यास किया।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने संबंधित पदाधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने समारोह स्थल पर अतिथियों एवं आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, मंच, पंडाल सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य समारोह स्थल पर पंडाल सहित अन्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ध्वजारोहण एवं परेड के बाद विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।
यह रहेगा ध्वजारोहण का समय:
मुख्य समारोह स्थल सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में सुबह 9:15 बजे, समाहरणालय में 10:35 बजे, विकास भवन में 10:55 बजे, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 11:15 बजे, पुलिस लाइन कार्यालय में 11:25 बजे तथा अनुमंडल कार्यालय में 11:45 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके अलावा सभी सरकारी कार्यालयों एवं विद्यालयों में मुख्य समारोह स्थल के निर्धारित कार्यक्रम से पूर्व ध्वजारोहण किया जाएगा।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान जिले के वरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जवान, एनसीसी कैडेट्स, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

