स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर स्वच्छता अभियान, हर्बल गार्डन का शुभारंभ
हर्बल गार्डन का शुभारंभ

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर स्वच्छता अभियान, हर्बल गार्डन का शुभारंभ
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला गंगा समिति, साहिबगंज की ओर से बी-4 क्वार्टर स्थित गंगा बिहार पार्क के समीप स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान हर्बल गार्डन का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं औषधीय पौधों के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।

स्वच्छता अभियान के तहत बी-4 क्वार्टर एवं गंगा बिहार पार्क के आसपास व्यापक साफ-सफाई की गई। क्षेत्र से कचरा हटाने के साथ अनावश्यक झाड़ियों की कटाई कर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया।
इसके बाद गंगा बिहार पार्क के समीप हर्बल गार्डन का शुभारंभ किया गया। गार्डन में तुलसी, एलोवेरा, आम, करी पत्ता समेत विभिन्न औषधीय एवं उपयोगी पौधे लगाए गए। हर्बल गार्डन के माध्यम से लोगों को औषधीय पौधों के उपयोग और उनके महत्व की जानकारी मिलने के साथ क्षेत्र में हरियाली को भी बढ़ावा मिलेगा।

जिला गंगा समिति की ओर से कहा गया कि स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है। सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई और लगाए गए पौधों की उचित देखभाल से ऐसे प्रयासों को स्थायी रूप दिया जा सकता है।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया गया।

