जमीन विवाद में मारपीट और बुजुर्ग की मौत मामले में फरार आरोपी गिफ्तार
मौत मामले में फरार आरोपी गिफ्तार

जमीन विवाद में मारपीट और बुजुर्ग की मौत मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
राजमहल। राजमहल थाना क्षेत्र के जयरामडांगा गांव में 24 जून 2026 को दो भाइयों के बीच जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट और एक बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त हरिकिशोर यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना में कई लोग घायल हुए थे, जबकि जयरामडांगा निवासी 70 वर्षीय रुदल यादव, पिता स्व. सोनू यादव की मौत हो गई थी। मृतक के पुत्र रामदेव यादव के फर्द बयान के आधार पर राजमहल थाना कांड संख्या 212/2026, दिनांक 24 जून 2026 को संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
इसी क्रम में 14 अगस्त को पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज को गुप्त सूचना मिली कि मामले का प्राथमिकी अभियुक्त हरिकिशोर यादव राजमहल बाजार में देखा गया है और फरार होने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन एवं गिरफ्तारी के लिए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राजमहल के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरिकिशोर यादव को हाटपाड़ा बाजार, राजमहल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा फरसा और खून लगी लाठी भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिकिशोर यादव, पिता स्व. सोनू यादव, निवासी जयरामडांगा, थाना राजमहल, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है। आरोपी को 15 अगस्त 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
छापेमारी टीम में राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी सहित पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


