बरहरवा में मोबाइल छिनतई मामले का आरोपी गिरफ्तार, चोरी का OPPO मोबाइल बरामद
बरहरवा में मोबाइल छिनतई मामले का आरोपी गिरफ्तार, चोरी का OPPO मोबाइल बरामद

बरहरवा में मोबाइल छिनतई मामले का आरोपी गिरफ्तार, चोरी का OPPO मोबाइल बरामद
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
बरहरवा। ट्रेन संख्या 15620 कामाख्या–गया एक्सप्रेस में यात्री से मोबाइल फोन छिनतई के मामले में बरहरवा RPF ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इरफान अंसारी (19 वर्ष), पिता अख्तर अंसारी, निवासी मोगलपारा, पोस्ट इस्लामपुर, थाना बरहरवा, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है। उसके कब्जे से चोरी का OPPO F21 Pro 5G मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि कामाख्या–गया एक्सप्रेस के बोनिदंगा रेलवे स्टेशन पार करने के बाद बरहरवा की ओर बढ़ने के दौरान जनरल कोच में दरवाजे के पास यात्रा कर रहे एक यात्री के हाथ से अज्ञात व्यक्ति मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।
सूचना के बाद RPF बरहरवा इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम ने मामले की जांच शुरू की और संदिग्ध की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
इसी क्रम में 13 अगस्त 2026 को RPF को गुप्त सूचना मिली कि उक्त घटना में शामिल व्यक्ति इरफान अंसारी अपने साथियों के साथ रेलवे के किनारे रिले हट ईस्ट केबिन के पास घूम रहा है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार के साथ उपनिरीक्षक लाल बहादुर माझी, कांस्टेबल अनिल कुमार साह एवं कांस्टेबल सतीश कुमार की टीम मौके पर पहुंची।
RPF टीम को देखते ही एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम इरफान अंसारी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से OPPO F21 Pro 5G, रंग Dawn Light Gold/Rainbow Spectrum, बिना SIM कार्ड का मोबाइल बरामद हुआ। मोबाइल का IMEI नंबर 862888055762012 / 862888055762004 पाया गया।
मोबाइल के संबंध में आरोपी से खरीद या स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उक्त मोबाइल उसने 10 अगस्त को कामाख्या–गया एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्री से छीनकर लिया था और घटना के बाद मौके से फरार हो गया था।
RPF द्वारा गवाहों एवं आरोपी के पिता अख्तर अंसारी की मौजूदगी में बरामद मोबाइल की विधिवत जब्ती सूची तैयार की गई। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी इरफान अंसारी, बरामद मोबाइल फोन एवं संबंधित दस्तावेजों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना बरहरवा को सुपुर्द कर दिया गया।


