किसान-मजदूर संगठनों का धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
किसान-मजदूर संगठनों का धरना

किसान-मजदूर संगठनों का धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा साहिबगंज
साहिबगंज। अखिल भारतीय किसान सभा एवं केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के जेल भरो आंदोलन के आह्वान पर सोमवार को साहिबगंज रेलवे स्टेशन चौक पर जिला कमेटी की ओर से एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉ. असगर आलम ने की। धरना के बाद उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
धरना को संबोधित करते हुए श्याम सुंदर पोद्दार ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, मजदूरों के अधिकारों और निजीकरण जैसे मुद्दे उठाए। वहीं कॉ. इश्तियाक ने विरोध और हड़ताल के अधिकारों की रक्षा की मांग की।
ज्ञापन में खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा व आवास की गारंटी, रोजगार एवं न्यूनतम मजदूरी, किसानों को वैधानिक एमएसपी, कर्ज माफी, खाद-बीज की उपलब्धता, ग्रामीण एवं शहरी रोजगार गारंटी, फसल नुकसान का मुआवजा तथा मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा देने की मांग की गई।
स्थानीय मांगों में बहुफसली कृषि भूमि के अधिग्रहण पर रोक, खाद-कीटनाशक की कालाबाजारी रोकने, दाखिल-खारिज में सुधार, बाढ़ कटाव से प्रभावित लोगों को मुआवजा व पुनर्वास तथा सड़क निर्माण में जमीन देने वाले रैयतों को लंबित मुआवजा भुगतान की मांग प्रमुख रही।
धरना में गंगाधर यादव, देवेंद्र राय, फरहत खानम, निशा गुप्ता, कैपल इस्लाम, आशीष रंजन, सलीम, मोहम्मद फैसल, रफीकुल इस्लाम, मनीरूल इस्लाम, बहारूल हक सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।



