तालझारी में VB-G RAM G के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला आयोजित
तालझारी में VB-G RAM G के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला आयोजित

तालझारी में VB-G RAM G के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला आयोजित
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
125 दिनों के रोजगार की गारंटी, चार श्रेणियों में 58 प्रकार की योजनाओं पर होगा काम
तालझारी। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को सुदृढ़ करने, टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण करने तथा विकास योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रखंड कार्यालय, तालझारी के सभागार में VB-G RAM G के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी, तालझारी ने की।
प्रशिक्षण में प्रखंड की सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सेवक एवं कनीय अभियंता शामिल हुए। इस दौरान प्रतिभागियों को VB-G RAM G की पृष्ठभूमि, विभिन्न प्रावधानों, संस्थागत ढांचे तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई।
श्रमिकों को एक वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी
प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान योजना के उद्देश्यों एवं नए प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि नए प्रावधानों के तहत श्रमिकों को एक वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी प्रदान की गई है। उन्होंने पंचायत स्तर पर योजना के सफल क्रियान्वयन में ग्राम सभा की भूमिका, योजना चयन की प्रक्रिया, अभिलेख संधारण, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
चार श्रेणियों में 58 प्रकार की योजनाओं पर होगा कार्य
प्रशिक्षण में बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों की स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का चयन किया जाएगा। इसके तहत जल सुरक्षा, ग्रामीण संरचना, आजीविका संरचना एवं आपदा प्रबंधन की चार प्रमुख श्रेणियों में कुल 58 प्रकार की योजनाओं पर कार्य किया जाएगा।
योजनाओं का चयन ग्राम सभा के माध्यम से स्थानीय जरूरतों एवं प्राथमिकताओं के आधार पर किया जाएगा। वहीं, युक्तधारा के माध्यम से योजनाओं की बेहतर योजना एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। इससे रोजगार सृजन के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में दीर्घकालिक एवं उपयोगी परिसंपत्तियों के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा।
17 से 20 अगस्त तक गांव-गांव पहुंचेगी योजना की जानकारी
प्रशिक्षण के अगले चरण में 17 से 20 अगस्त 2026 तक विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मेट, वार्ड सदस्य, ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों को VB-G RAM G के प्रावधानों, रोजगार के अवसरों, योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन तथा ग्रामीण विकास में उनकी सहभागिता की जानकारी दी जाएगी।

कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने योजना के प्रावधानों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।
प्रशासन का उद्देश्य है कि VB-G RAM G के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को रोजगार की सुनिश्चितता के साथ-साथ ऐसी टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण कराया जाए, जो आने वाले वर्षों में ग्रामीण अर्थव्यवस्था, आजीविका, जल सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को
मजबूत आधार प्रदान करें।
