15वें वित्त आयोग की योजनाओं की प्रगति की उपायुक्त ने की समीक्षा
15वें वित्त आयोग की योजनाओं की प्रगति की उपायुक्त ने की समीक्षा

15वें वित्त आयोग की योजनाओं की प्रगति की उपायुक्त ने की समीक्षा
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में 15वें वित्त आयोग के तहत संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत स्तर पर चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं अब तक हुए व्यय की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित कार्यों को तेजी से पूरा कराने के साथ-साथ स्वीकृत राशि के उपयोग में भी गति लाने को कहा।
आगामी जी.पी.डी.पी. (GPDP) के तहत चयनित योजनाओं को लेकर उपायुक्त ने गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने योजना चयन एवं क्रियान्वयन में SLWM (ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन) को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही योजनाओं से जुड़ी प्रविष्टियों और प्रगति की जानकारी निर्धारित समय पर पोर्टल पर अपलोड करने को कहा।

उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा कराने तथा नियमित रूप से स्थल निरीक्षण और निगरानी करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार सहित सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक, कनीय अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।


