छात्रों की सुविधा व सुरक्षा सर्वोपरि, विधायक निधि की बस सेवा से कॉलेज आएंगी छात्राएं: विधायक
छात्रों की सुविधा व सुरक्षा सर्वोपरि
छात्रों की सुविधा व सुरक्षा सर्वोपरि, विधायक निधि की बस सेवा से कॉलेज आएंगी छात्राएं: विधायक
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
राजमहल: राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक मोहम्मद ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने सोमवार को राजमहल मॉडल कॉलेज में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से निर्मित बहुउद्देशीय परीक्षा भवन तथा विधायक निधि से बने नए बस स्टैंड का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर कॉलेज में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित इंडक्शन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर उन्होंने शिक्षा, सुरक्षा और छात्र-छात्राओं की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के तत्कालीन प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह के स्वागत से हुई। उन्होंने विधायक को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में विधायक एमटी राजा ने कहा कि राजमहल मॉडल कॉलेज क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। खासकर दियारा एवं दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्राएं यहां पढ़ाई के लिए आती हैं। उनकी सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल्द ही विधायक निधि से निःशुल्क बस सेवा शुरू कराई जाएगी, ताकि छात्राएं सुरक्षित और सुगमता से कॉलेज आ-जा सकें।
उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजमहल और तीनपहाड़ थाना पुलिस को कॉलेज आने-जाने वाले मुख्य मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्त करने का निर्देश दिया गया है, जिससे किसी भी छात्रा को असुविधा या असुरक्षा का सामना न करना पड़े।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा कुछ विषयों में सीटों की संख्या कम किए जाने से विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यदि सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है तो अधिक छात्रों को उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा। इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि वे संबंधित मंत्री से इस विषय पर वार्ता कर सकारात्मक पहल करने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. रणजीत कुमार सिंह के साहिबगंज कॉलेज, साहिबगंज के प्राचार्य पद पर पदस्थापन होने पर उनका सम्मानपूर्वक विदाई समारोह आयोजित किया गया। साथ ही कॉलेज के नवपदस्थ प्राचार्य का भी स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. राजीव कुमार, वित्त प्रभारी सुमन कुमार, जिला परिषद सदस्य रणधीर सिंह, विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, प्रो. अनिल सरकार, अनिसुर रहमान, मुर्शिद राजा , मकसूद आलम सहित कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


