तीनपहाड़( साहिबगंज ) : तीनपहाड़-बोरियो मुख्य मार्ग पर स्थित बेहरा मोड़ के समीप शनिवार को बोरियो की दिशा से आ रहा एक अलकतरा लदा टैंकर संख्या: WB 29 BO 100 तीखे घुमावदार मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के तुरंत बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस दुर्घटना में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसके हाथ में गहरी चोट आई है। घटना के वक्त टैंकर पलटते ही उसमें भरा भारी मात्रा में अलकतरा सड़क किनारे फैल गया।दुर्घटना की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण व राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता प्रदान की। साथ ही मामले की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई।
सड़क की बनावट और तीखे मोड़ पर उठे सवाल घटना के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि बेहरा मोड़ की खतरनाक बनावट के कारण यहाँ आए दिन हादसे होते रहते हैं। यह घुमावदार मोड़ विशेष रूप से भारी वाहनों के लिए बेहद जोखिमभरा साबित हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बाहरी राज्यों से आने वाले चालकों को इस मोड़ के तीखे घुमाव का अंदाजा नहीं होता। वे तेज रफ्तार में वाहन लाते हैं और मोड़ पर अचानक नियंत्रण खो देते हैं, जिससे इस तरह की बड़ी दुर्घटनाएं घटित होती हैं।
विभाग से सुरक्षा उपाय करने की मांग बार-बार हो रहे हादसों ने सड़क की बनावट और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक मोड़ पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके।
तीनपहाड़ से मिथुन यादव की रिपोर्ट



