प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुनर्विकसित शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन को राष्ट्र को किया समर्पित, बना ‘अमृत स्टेशन’
₹17.94 करोड़ की लागत से हुआ आधुनिक पुनर्विकास, यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
रिपोर्ट – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज/मालदा, 17 जुलाई 2026।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 20 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया। इसी क्रम में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन को भी “अमृत स्टेशन” के रूप में राष्ट्र को समर्पित किया गया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन परिसर में भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल, कहलगांव के विधायक शभानंद मुकेश, मालदा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक अमरेंद्र कुमार मौर्य, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, मीडिया प्रतिनिधि, रेल उपयोगकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के पुनर्विकास पर आधारित प्रस्तुति दिखाई गई। निबंध, पेंटिंग एवं वक्तृत्व प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया।
इसके उपरांत उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन एवं उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान पुनर्विकसित शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन को आधिकारिक रूप से राष्ट्र को समर्पित किया गया। कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास ₹17.94 करोड़ की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना के प्रथम चरण के तहत किया गया है। स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए बिहार की सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप विकसित किया गया है।
स्टेशन की प्रमुख नई सुविधाएं आधुनिक एवं आकर्षक स्टेशन भवन का निर्माण।विशाल प्रतीक्षालय, आरक्षित लाउंज एवं आधुनिक शौचालय।नया सर्कुलेटिंग एरिया एवं पार्किंग सुविधा।बेहतर यात्री सूचना प्रणाली एवं दिशा-सूचक संकेतक।अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था।यात्रियों की सुविधा के लिए दो लिफ्ट।दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित आवागमन की व्यवस्था।
मधुबनी कला तथा विक्रमशिला और भागलपुर की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित आकर्षक आंतरिक सज्जा।

राष्ट्रीय राजमार्ग-80 एवं ऐतिहासिक विक्रमशिला महाविहार के निकट स्थित यह स्टेशन आधुनिक सुविधाओं और सांस्कृतिक विरासत का उत्कृष्ट संगम प्रस्तुत करता है। रेलवे का मानना है कि इस पुनर्विकास से यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्थानीय व्यापार, कृषि तथा सामाजिक-आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
रेल मंत्रालय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुलभ एवं यात्री-अनुकूल बनाया जा रहा है। शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो “विकास भी, विरासत भी” की सोच को साकार करता है।
