झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष सह सदस्या ने की समीक्षा बैठक
झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी
झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष सह सदस्या ने की समीक्षा बैठक
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा 
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पोषण आहार वितरण की समीक्षा, शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देशराष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं प्राप्त जन शिकायतों की समीक्षा को लेकर झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष -सह- सदस्या श्रीमती शबनम परवीन की अध्यक्षता में साहिबगंज परिसदन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला अंतर्गत खाद्य आपूर्ति, समाज कल्याण, कल्याण एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। आयोग को प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करते हुए 15 दिनों के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए।बैठक को संबोधित करते हुए श्रीमती शबनम परवीन ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न और अन्य निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यदि किसी स्तर पर शिकायतें प्राप्त होती हैं तो संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो।
समीक्षा बैठक से पूर्व प्रभारी अध्यक्ष सह सदस्या ने राजमहल प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पूरक पोषण आहार, केंद्रों की साफ-सफाई एवं रख-रखाव, कार्यकर्ताओं की उपस्थिति तथा अभिलेखों के संधारण का अवलोकन किया। निरीक्षण के क्रम में जहां आवश्यक सुधार की आवश्यकता पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत उन्होंने राजमहल प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का भी निरीक्षण किया तथा मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन तैयार किए जाने की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए गए।
श्रीमती परवीन ने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य पात्र लाभुकों तक बिना किसी बाधा के योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए लाभुकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष -सह- सदस्या श्रीमती शबनम परवीन सदर अस्पताल में स्थित कुपोषण उपचार केंद्र एवं विभिन्न जन वितरण दुकानों का भी निरीक्षण किया गया एवं निर्देश दिया गया कि लाभुकों को ससमय सही मात्रा में अनाज उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में अपर उपायुक्त विजय कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


