उप विकास आयुक्त ने राजमहल प्रखंड में मनरेगा व आवास योजनाओं का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं प्रगति के दिए निर्देश
उप विकास आयुक्त ने राजमहल प्रखंड में मनरेगा व आवास योजनाओं का किया निरीक्षण
उप विकास आयुक्त ने राजमहल प्रखंड में मनरेगा व आवास योजनाओं का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं प्रगति के दिए निर्देश

रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
राजमहल, साहिबगंज: उप विकास आयुक्त ने शनिवार को राजमहल प्रखंड का भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत गुणिहारी एवं बेगमपुरा में मनरेगा तथा विभिन्न आवास योजनाओं के कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में ग्राम पंचायत गुणिहारी में मनरेगा के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत लाभुक भोला प्रसाद यादव, ललिता देवी एवं रामचंद्र यादव की बागवानी योजना का निरीक्षण किया गया। उप विकास आयुक्त ने पौधों की देखरेख, कार्य की गुणवत्ता तथा योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए इसे निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण करने का निर्देश दिया।

इसके पश्चात ग्राम बेगमपुरा में पीएम जनमन आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने लाभुकों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला आवास समन्वयक सुमित कुमार चौबे, मनरेगा बीपीओ गगन बाबू, प्रखंड समन्वयक अभिजीत कुमार, सहायक अभियंता विकास कुमार, कनीय अभियंता मो. एहसानुल जमील, दीपनारायण मंडल, आवास कोऑर्डिनेटर रवि कांत रवि, पंचायत सचिव मो. शाहजहां अंसारी, रोहन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

