जमीनी विवाद में चाची की कुल्हाड़ी से हत्या, पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी भतीजे को दबोचा
जमीनी विवाद में चाची की कुल्हाड़ी से हत्या,
जमीनी विवाद में चाची की कुल्हाड़ी से हत्या, पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी भतीजे को दबोचा
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहेबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव में जमीनी विवाद ने एक महिला की जान ले ली। गुरुवार की शाम हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में भतीजे ने अपनी चाची पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
मृतका की पहचान रासो मुनी मुर्मू, पति स्वर्गीय होपा मरांडी, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह शाम करीब छह बजे अपने घर के आंगन में भोजन कर रही थीं। इसी दौरान उनका भतीजा धुनु मरांडी वहां पहुंचा और अचानक कुल्हाड़ी से सिर व कान के पास कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। ग्रामीणों के अनुसार, मृतका और आरोपी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि रासो मुनी अपने नाती दिलीप जर्मन हेम्ब्रम के साथ रहती थीं, जिसे लेकर भी परिवार में विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे, एसआई शाहिद अहमद खान एवं एएसआई उमेश उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। मामले की जानकारी मिलते ही राजमहल पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन भी घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू कराई।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर त्वरित छापेमारी अभियान चलाया और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी धुनु मरांडी को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह जमीनी विवाद सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस गांव में निगरानी बनाए हुए है।


