80वां स्वतंत्रता दिवस: तिरंगे की शान में सराबोर हुआ साहिबगंज, गूंजा देशभक्ति का जयघोष
गूंजा देशभक्ति का जयघोष

- 80वां स्वतंत्रता दिवस: तिरंगे की शान में सराबोर हुआ साहिबगंज, गूंजा देशभक्ति का जयघोष
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज, 15 अगस्तआ 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर साहिबगंज के सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में मुख्य समारोह का आयोजन पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ किया गया। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने सर्वप्रथम सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने परेड में शामिल प्लाटूनों का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और जिले में चल रही विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जुलाई 2026 तक 1,71,239 महिलाओं को 171.23 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। सर्वजन पेंशन योजना के तहत 1,31,738 पेंशनधारियों को 55.56 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से दिए गए हैं।
रोजगार के क्षेत्र में विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत अब तक 12.63 लाख मानव दिवस का सृजन किया गया है, जिसमें महिलाओं की भागीदारी 55.13 प्रतिशत है। जिले में 2,113 बिरसा सिंचाई कूप पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 1,434 कूप निर्माणाधीन हैं।
उपायुक्त ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में जिले के चार मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में CBSE पाठ्यक्रम के तहत शिक्षा दी जा रही है। वर्ष 2026 के माध्यमिक परीक्षा परिणाम में साहिबगंज ने राज्य में सातवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत 1.53 लाख से अधिक विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाया गया है।
पंचायती राज, आवास, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, बिजली और पेयजल के क्षेत्र में भी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए राजमहल एवं बरहेट में इंडोर स्टेडियम, साहिबगंज में मॉडल जिम तथा विभिन्न स्थानों पर ओपन जिम की व्यवस्था की गई है।
पर्यावरण संरक्षण के तहत बड़ी संख्या में पौधरोपण किया जा रहा है। वहीं गंगा नदी के कटाव से बचाव के लिए तालझारी, राजमहल और उधवा क्षेत्रों में कटाव निरोधक कार्य पूरे किए गए हैं। संभावित बाढ़ एवं आपदा से निपटने के लिए 1.42 करोड़ रुपये की लागत से चार रेस्क्यू मोटर बोट और अन्य उपकरण खरीदे गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना और रोजगार के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। DMFT मद से भी जनहित की विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
मुख्य समारोह के बाद उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर में भी ध्वजारोहण किया। वहीं विकास भवन में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी अमित कुमार सिंह तथा अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ अमर जॉन आईन्द ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
समारोह में जनप्रतिनिधि, न्यायिक पदाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, शहीदों के आश्रित, झारखंड आंदोलनकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।



