राजद के 30वें स्थापना दिवस पर संगठन विस्तार का संकल्प, लालबाबू यादव बने जिला महासचिव और दिनेश पासवान नगर अध्यक्ष नियुक्त
राजद के 30वें स्थापना दिवस
राजद के 30वें स्थापना दिवस पर संगठन विस्तार का संकल्प, लालबाबू यादव बने जिला महासचिव और दिनेश पासवान नगर अध्यक्ष नियुक्त

रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा जिला ब्यूरो साहिबगंज
साहिबगंज। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का 30वां स्थापना दिवस रविवार को शहर के कॉलेज रोड स्थित मछुआ सोसाइटी परिसर में उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राजद जिलाध्यक्ष सत्यनारायण यादव एवं प्रदेश सचिव मुन्ना यादव ने संयुक्त रूप से पार्टी का ध्वजारोहण कर की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के समर्थन में नारे लगाए तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सत्यनारायण यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल अपने स्थापना काल से ही सामाजिक न्याय, समानता तथा शोषित, वंचित, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव तक सक्रिय रहना होगा।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता लालबाबू यादव एवं सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश पासवान ने राजद की सदस्यता ग्रहण की। संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाध्यक्ष ने लालबाबू यादव को जिला महासचिव तथा दिनेश पासवान को नगर अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को गति देने का भरोसा दिया।
इस अवसर पर युवा राजद जिलाध्यक्ष सद्दाम हुसैन, सदर प्रखंड अध्यक्ष रामवतार सिंह, उधवा प्रखंड अध्यक्ष मामलोत शेख, राजमहल प्रखंड अध्यक्ष रैमाफुल शेख, बरहरवा प्रखंड अध्यक्ष पंचानन साहा, बरहेट प्रखंड अध्यक्ष जलपा हेंब्रम, जिला प्रवक्ता विश्वजीत शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अब्दुल हुसैन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का संकल्प लिया।

