Welcome to झारखंड की आवाज   Click to listen highlighted text! Welcome to झारखंड की आवाज
Uncategorized

स्टेशनों पर गंदगी फैलाने वालों पर अब होगी कड़ी कार्रवाई, पूर्व रेलवे ने शुरू किया ‘Eastern Railway Is Watching You’ अभियान

स्टेशनों पर गंदगी

 

स्टेशनों पर गंदगी फैलाने वालों पर अब होगी कड़ी कार्रवाई, पूर्व रेलवे ने शुरू किया ‘Eastern Railway Is Watching You’ अभियान

 

रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा

 

हावड़ा, 4 जुलाई। पूर्व रेलवे ने रेलवे स्टेशनों और परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से अपने व्यापक स्वच्छता अभियान के दूसरे चरण “Eastern Railway Is Watching You” का भव्य शुभारंभ हावड़ा रेलवे स्टेशन से किया। महाप्रबंधक मिलिंद देऊस्कर के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान के तहत स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने और थूकने वालों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति अपनाई गई है।

पूर्व रेलवे के अनुसार, स्टेशन परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों और रेलवे कर्मचारियों की निगरानी के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति गंदगी फैलाते या थूकते हुए पाया जाता है, तो उस पर मौके पर ही जुर्माना लगाया जाएगा।

अभियान की सबसे खास पहल आम यात्रियों की भागीदारी है। यदि कोई यात्री किसी व्यक्ति को गंदगी फैलाते या थूकते हुए देखता है, तो वह उसकी तस्वीर और स्थान की जानकारी व्हाट्सऐप नंबर 9002022780 पर भेज सकता है। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले यात्री को “कैप्टन क्लीन” की उपाधि और प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

 

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक से हुई, जिसमें स्वच्छता का संदेश दिया गया। इसके बाद महाप्रबंधक मिलिंद देऊस्कर ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया, यात्रियों से संवाद कर उन्हें अभियान की जानकारी दी तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने अभियान के शुभारंभ के प्रतीक स्वरूप प्रमाण-पत्र पर हस्ताक्षर कर इसका औपचारिक उद्घाटन किया।

 

इस अवसर पर हावड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विशाल कपूर, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि, उप महाप्रबंधक (सामान्य), मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष एवं विभिन्न मंडलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान स्वच्छता अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत आयोजित “30 मिनट चैलेंज” प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मंडलों को सम्मानित किया गया। इसमें सियालदह मंडल को विजेता तथा हावड़ा मंडल को उपविजेता घोषित कर ट्रॉफी प्रदान की गई।

महाप्रबंधक मिलिंद देऊस्कर ने कहा कि पूर्व रेलवे स्वच्छ और बेहतर स्टेशन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल रिपोर्टिंग व्यवस्था के माध्यम से यात्रियों को इस अभियान का सक्रिय भागीदार बनाया जा रहा है, जिससे स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि लोगों की दैनिक आदत बन सके।

 

वहीं, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने कहा कि यह पहल केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी यात्रियों से “कैप्टन क्लीन” बनकर रेलवे परिसरों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!