पीएम श्री कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं ने किया मिट्टी जाँच प्रयोगशाला का शैक्षणिक भ्रमण, वैज्ञानिक खेती की ली जानकारी
वैज्ञानिक खेती की ली जानकारी

साहिबगंज। पीएम श्री उत्क्रमित नगरपालिका कन्या उच्च विद्यालय, साहिबगंज की कक्षा 9 एवं 10 की 12 छात्राओं ने शनिवार को जिला मिट्टी जाँच प्रयोगशाला का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को मृदा स्वास्थ्य, वैज्ञानिक खेती और संतुलित उर्वरक उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
भ्रमण के दौरान सहायक मिट्टी रसायनज्ञ ने छात्राओं को मिट्टी का वैज्ञानिक तरीके से नमूना संग्रह करने, मृदा परीक्षण की प्रक्रिया तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर रासायनिक एवं जैविक उर्वरकों के संतुलित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला में मिट्टी के 12 प्रमुख मानकों—पीएच, विद्युत चालकता, नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश, सल्फर, जिंक, कॉपर, लोहा, मैंगनीज, मोलिब्डेनम और बोरॉन की जांच की जाती है।

छात्राओं को बताया गया कि प्रत्येक किसान को हर तीन वर्ष में अपने खेत की मिट्टी की जांच अवश्य करानी चाहिए। मृदा परीक्षण के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने से फसल उत्पादन बढ़ता है, लागत कम होती है तथा मिट्टी की उर्वरा शक्ति लंबे समय तक सुरक्षित रहती है। साथ ही “खेत बचाओ अभियान” के माध्यम से किसानों को मृदा संरक्षण एवं संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।

जिला कृषि पदाधिकारी ने छात्राओं से अपील की कि वे अपने खेतों की मिट्टी जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजें और अपने अभिभावकों व आसपास के किसानों को भी निःशुल्क मृदा परीक्षण के प्रति जागरूक करें। उन्होंने बताया कि जिला मिट्टी जाँच प्रयोगशाला में किसानों के लिए यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।

इस अवसर पर जिला योजना एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, मिट्टी जाँच प्रयोगशाला के सभी कर्मी तथा विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। छात्राओं ने प्रयोगशाला में मृदा परीक्षण की पूरी प्रक्रिया को नजदीक से देखा और वैज्ञानिक खेती से जुड़ी कई उपयोगी जानकारियां प्राप्त कीं।

