राजमहल के 14 टोले बाढ़ की चपेट में, करीब तीन हजार की आबादी प्रभावित
राजमहल के 14 टोले बाढ़ की चपेट में,

राजमहल के 14 टोले बाढ़ की चपेट में, करीब तीन हजार की आबादी प्रभावित
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
राजमहल। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से राजमहल प्रखंड क्षेत्र के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। बाढ़ के पानी से गड़ाई टोला समेत आसपास के करीब 14 टोले प्रभावित हुए हैं। बताया जा रहा है कि इन इलाकों में करीब तीन हजार की आबादी बाढ़ से प्रभावित है।
बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को राजमहल अंचल निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर जलजमाव और आवागमन की स्थिति की जानकारी ली।
ग्रामीणों के अनुसार नाथू टोला, रामानंद टोला, नारायण टोला, खुखीर टोला, रामवचन टोला, शिवलाल टोला, सिलू टोला और सीताराम टोला समेत कुल 14 टोले बाढ़ की चपेट में हैं। जलस्तर बढ़ने के कारण निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई परिवारों के घरों और आसपास के क्षेत्रों में पानी पहुंच गया है। इसके कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
अंचल निरीक्षक प्रवीण कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों से सतर्क रहने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।



