साहिबगंज में 1003 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
साहिबगंज में 1003 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त

साहिबगंज में 1003 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार स्कॉर्पियो जब्त
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज, 18 अगस्त। साहिबगंज पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1003 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जब्त ब्राउन शुगर की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो भी बरामद की गई है।
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 18 अगस्त की रात करीब 3 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम केशोरे के पास बंगाल के कलियाचक और बिहार के दो लोग अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरहरवा नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। इसमें रांगा थाना पुलिस और सशस्त्र बल को शामिल किया गया।
करीब 4 बजे छापेमारी दल को सफेद रंग की स्कॉर्पियो संख्या BR11PB-0388 के ग्राम केशोरे के पास पहुंचने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। भागने का प्रयास कर रहे वाहन को पीछा कर पकड़ा गया। वाहन में सवार तीन व्यक्तियों की तलाशी लेने पर कुल 1003 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने इसे अब तक की बड़ी बरामदगी में से एक बताया है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन राज (22 वर्ष), पिता धीरेन यादव, निवासी तिरी थाना बैजनाथपुर, जिला सहरसा (बिहार), गुलशन कुमार (25 वर्ष), पिता अर्जुन यादव, निवासी राजपुर सरसंडी थाना गोलपाड़ा, जिला मधेपुरा (बिहार) तथा शिवम मिश्रा (19 वर्ष), पिता स्व. विजय मिश्रा, निवासी कलियाडांगा सरकेश मांझ थाना कलियाचक, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कलियाचक से ब्राउन शुगर खरीदकर बिहार और अन्य राज्यों में ऊंचे दाम पर बेचते थे। इस मामले में रांगा थाना में BNS की धारा 317(5)/3(5) तथा NDPS Act की धारा 21(C)/25/27 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
जब्त सामान
– 1003 ग्राम ब्राउन शुगर
– 3 मोबाइल फोन
– सफेद रंग की स्कॉर्पियो, नंबर BR11PB-0388
पुलिस ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

