पिपरजोरिया हाट बाजार का पुनर्निर्माण पूरा, उपायुक्त ने किया उद्घाटन
उपायुक्त ने किया उद्घाटन

पिपरजोरिया हाट बाजार का पुनर्निर्माण पूरा, उपायुक्त ने किया उद्घाटन
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
राजमहल, साहिबगंज। एलआईसी एचएफएल सीएसआर के सहयोग से निर्देश संस्था द्वारा हृदय परियोजना के तहत पुनर्निर्मित पिपरजोरिया हाट बाजार का उद्घाटन 24 अक्टूबर 2026 को उपायुक्त श्री दीपक कुमार दुबे ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर एलआईसी एचएफएल सीएसआर के रीजनल लीड सौरव चक्रवर्ती, निर्देश संस्था के सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह, निदेशक बिनोद कुमार तथा खुटहरी पंचायत के मुखिया मसीह टुडू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हृदय परियोजना के तहत हाट बाजार में पांच शेड का पुनर्निर्माण, महिला-पुरुष शौचालय एवं यूरिनल, 17 सोलर लाइट, फर्श व दीवारों की पेंटिंग, पार्किंग, जल निकासी तथा सूचना बोर्ड की व्यवस्था की गई है। इन सुविधाओं से स्थानीय लोगों और बाजार आने वाले व्यापारियों को लाभ मिलेगा।
उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने परियोजना के तहत किए गए कार्यों एवं उद्यमों के स्टॉल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में निर्देश संस्था के कार्यकर्ताओं के साथ परियोजना से लाभान्वित करीब 500 महिला, किशोरी एवं ग्रामीण शामिल हुए।
निर्देश संस्था वर्ष 1995 से ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में कार्यरत है। हृदय परियोजना का उद्देश्य ग्रामीणों की आजीविका मजबूत करना, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देना तथा स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।


