तीनपहाड़ बाजार में खाद्य दुकानों की सघन जांच, पांच दुकानदारों पर कार्रवाई
पांच दुकानदारों पर कार्रवाई

तीनपहाड़ बाजार में खाद्य दुकानों की सघन जांच, पांच दुकानदारों पर कार्रवाई
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। तीनपहाड़ बाजार में शनिवार को खाद्य सुरक्षा और राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत अधिकारियों की टीम ने व्यापक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और तंबाकू नियंत्रण कानून के पालन की जांच की गई।
सिविल सर्जन, साहिबगंज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी नौरंग देव कुमार एवं आशीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम ने बाजार की 22 दुकानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मिठाई सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबलिंग, निर्माण एवं एक्सपायरी डेट तथा खाद्य सामग्री के रख-रखाव की स्थिति का जायजा लिया।

वहीं, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कोटपा अधिनियम 2003 के प्रावधानों की भी जांच की गई। जांच के दौरान पांच दुकानदारों को नियमों का उल्लंघन करते पाया गया। इसके बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 3,700 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।
अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा तंबाकू नियंत्रण कानून के नियमों का उल्लंघन नहीं करने की हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट किया कि आगे भी जांच के दौरान नियमों की अनदेखी मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, साहिबगंज के सोशल वर्कर एवं डीपीए, एनसीडी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों की इस कार्रवाई से बाजार के दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही।


