बरहरवा स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन से 78 बोतल विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
बरहरवा स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई,
बरहरवा स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन से 78 बोतल विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा साहिबगंज
बरहरवा/साहिबगंज, 12 जुलाई 2026।
विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बरहरवा ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 09034 अप उधना स्पेशल फेयर एक्सप्रेस से 78 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान शराब की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के पर्यवेक्षण में CPDS टीम, मालदा एवं आरपीएफ पोस्ट बरहरवा की संयुक्त टीम ने बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर विशेष जांच अभियान चलाया। सुबह लगभग 10:40 बजे ट्रेन के पहुंचने पर कोच संख्या S-10 की तलाशी ली गई। जांच के दौरान सीट संख्या-11 के नीचे रखे एक हरे रंग के ट्रॉली बैग और एक काले रंग के बैकपैक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में सीट संख्या-11 पर यात्रा कर रहे प्रेमसागर कुमार (19 वर्ष), निवासी टोपखाना बाजार, कटघर, थाना कोतवाली, जिला मुंगेर (बिहार) ने दोनों बैग अपना होना स्वीकार किया। वह शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह मालदा से शराब लेकर जमालपुर जा रहा था, जहां मुंगेर क्षेत्र में इसे अवैध रूप से बेचकर लाभ कमाने की योजना थी।

बरामद शराब में शामिल हैं:
ICONiQ White Whisky (180 मि.ली.) – 30 बोतल
Royal Stag Whisky (375 मि.ली.) – 24 बोतल
Mountain Oak Whisky (180 मि.ली.) – 20 बोतल
Blenders Pride Whisky (750 मि.ली.) – 4 बोतल
बरामद कुल 78 बोतल विदेशी शराब की अनुमानित कीमत ₹23,720 आंकी गई है।
आरपीएफ ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं तथा जब्त शराब और दोनों बैगों के साथ उसे आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया। आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मामले की सूचना उत्पाद विभाग, साहिबगंज को दे दी गई है।




