सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। उपायुक्त श्री दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में पीएम-कुसुम, किसान समृद्धि योजना, JREDA समेत सौर ऊर्जा से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित सौर ऊर्जा योजनाओं की प्रगति और वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने पूर्व में अधिष्ठापित सोलर ऑफ-ग्रिड संयंत्रों के समुचित रख-रखाव एवं आवश्यक मरम्मति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित संवेदक से पत्राचार कर खराब संयंत्रों की मरम्मति कराने को कहा। वहीं किसान समृद्धि योजना के तहत सोलर पंपों के अधिष्ठापन के लिए संबंधित संवेदक को पत्र निर्गत करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने जिले के सभी आवासीय विद्यालयों में लगाए गए सोलर रूफटॉप संयंत्रों की वर्तमान स्थिति की जांच कर भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पूर्व में प्राप्त सभी अधियाचनाओं को संकलित कर JREDA को भेजने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
बैठक में जिले में खराब पड़े सोलर उपकरणों की शीघ्र मरम्मति के लिए स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। इसको लेकर उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत को परियोजना प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि सौर ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने लंबित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने और योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मौके पर जिला योजना पदाधिकारी अनुप कुमार, कार्यपालक अभियंता विद्युत शंभू नाथ चौधरी समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
