साहिबगंज में प्लाज्मा थेरेपी की व्यवस्था की मांग, विधायक एमटी राजा ने सदन में उठाया मुद्दा
एमटी राजा ने सदन में उठाया मुद्दा
:
साहिबगंज में प्लाज्मा थेरेपी की व्यवस्था की मांग, विधायक एमटी राजा ने सदन में उठाया मुद्दा

रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज/रांची, 07 अगस्त।
राजमहल के विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान तारांकित प्रश्न के माध्यम से साहिबगंज जिले में प्लाज्मा थेरेपी एवं उन्नत उपचार सुविधा की व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जिले के गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को प्लाज्मा थेरेपी की आवश्यकता पड़ने पर बेहतर इलाज के लिए अन्य शहरों में रेफर किया जाता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विधायक एमटी राजा ने सदन में मांग करते हुए कहा कि साहिबगंज सदर अस्पताल अथवा जिले के किसी उपयुक्त अस्पताल में प्लाज्मा भंडारण और प्लाज्मा थेरेपी की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़े और उन्हें अपने जिले में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस पर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार ने सदन में जवाब देते हुए बताया कि साहिबगंज सदर अस्पताल में रक्त केंद्र संचालित है, जहां सभी आवश्यक रक्त समूहों की सुविधा उपलब्ध है। विभाग ने यह भी जानकारी दी कि प्लाज्मा थेरेपी के लिए आवश्यक प्लाज्मा यूनिट की स्थापना, आधारभूत संरचना के विकास तथा आवश्यक मशीनों की स्थापना की प्रक्रिया जारी है।
सरकार ने आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद साहिबगंज जिले में भी प्लाज्मा थेरेपी की सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे जिले के गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार मिल सकेगा और उन्हें अन्य शहरों के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
विधायक एमटी राजा ने कहा कि यह सुविधा शुरू होने से न केवल मरीजों को समय पर इलाज मिलेगा, बल्कि उनके इलाज का आर्थिक बोझ भी कम होगा। उन्होंने सरकार से इस प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर साहिबगंज जिले के लोगों को प्लाज्मा थेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।




