
108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल की तिथि में परिवर्तन, अब 26 अक्टूबर से होगी हड़ताल
झारखण्ड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने दुर्गा पूजा (विजयादशमी) एवं आपातकालीन सेवा को ध्यान में रखते हुए लिया निर्णय
झारखण्ड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ, झारखण्ड ने राज्यभर के 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर दिनांक 21 अक्टूबर 2026 से प्रस्तावित राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल की तिथि में परिवर्तन करते हुए अब 26 अक्टूबर 2026 को रात्रि 00:01 बजे से हड़ताल प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि झारखण्ड सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह के साथ टेलीफोनिक वार्ता हुई। वार्ता के दौरान दुर्गा पूजा (विजयादशमी) के मद्देनजर प्रस्तावित हड़ताल को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया गया। साथ ही कर्मचारियों की लंबित मांगों पर विचार कर समाधान करने का आश्वासन दिया गया।
दुर्गा पूजा एवं आम जनता की आपातकालीन 108 एम्बुलेंस सेवा की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए संघ ने हड़ताल की तिथि आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके तहत 25 अक्टूबर 2026 की रात्रि 23:59 बजे तक 108 एम्बुलेंस सेवा का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके बाद 26 अक्टूबर 2026 को रात्रि 00:01 बजे से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ होगी।
संघ ने राज्य सरकार से अपील की है कि इस अवधि में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए वार्ता के माध्यम से उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। संघ का स्पष्ट मत है कि कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान केवल आश्वासन तक सीमित न रहकर धरातल पर लागू होना चाहिए।
संघ ने राज्य के सभी जिला अध्यक्षों, जिला सचिवों एवं कर्मचारियों से संशोधित कार्यक्रम का पालन करने तथा इसकी सूचना सभी संबंधित कर्मचारियों तक पहुँचाने का निर्देश दिया है।
- उपाध्यक्ष झारखण्ड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ,जिला साहिबगंज
(सम्बद्ध – भारतीय मजदूर संघ)


