
सांसद विजय कुमार हांसदा और विधायक एमटी राजा ने फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल का किया उद्घाटन
महुवा बगान मैदान में 16 टीमों ने लिया हिस्सा, मुरली की टीम बनी विजेता; 25 हजार रुपये का मिला पुरस्कार
राजमहल, साहिबगंज। राजमहल प्रखंड क्षेत्र के संग्रामपुर गांव स्थित महुवा बगान मैदान में एलेन स्टार फुटबॉल क्लब, संग्रामपुर की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का मंगलवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। फाइनल मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय कुमार हांसदा एवं राजमहल विधायक मोहम्मद ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान सांसद एवं विधायक ने फुटबॉल को किक मारकर, खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फीता काटकर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में पहुंचने पर आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथियों का आदिवासी रीति-रिवाज के अनुसार माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद मैदान में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
16 टीमों ने लिया हिस्सा, मुरली और मंगलहाट के बीच हुआ फाइनल
आयोजित टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। विभिन्न मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जेजेसी जूनियर ब्रदर, मुरली और प्रेम नगर, मंगलहाट की टीम फाइनल में पहुंचीं। मंगलवार को दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला खेला गया। मैच को देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में खेल प्रेमी महुवा बगान मैदान पहुंचे। दर्शकों ने मैदान के चारों ओर खड़े होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और पूरे मुकाबले का आनंद उठाया।
ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस टूर्नामेंट ने युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने की जरूरत : सांसद
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विजय कुमार हांसदा ने ग्रामीण क्षेत्र में फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुदूर ग्रामीण इलाकों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना अपने आप में काबिले तारीफ है। क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करने की है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें प्रोत्साहन और बेहतर प्रशिक्षण मिले तो वे राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। इस तरह के टूर्नामेंट खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ खेल के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
खेल भावना के साथ खेलने का दिया संदेश : विधायक
विधायक मोहम्मद ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आपसी सहयोग, मेहनत और भाईचारे की भावना भी सिखाता है। खिलाड़ियों को हमेशा खेल भावना के साथ मैदान में उतरना चाहिए तथा हार और जीत को सहजता से स्वीकार करना चाहिए।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को युवाओं के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
विजेता को 25 हजार और उपविजेता को 20 हजार रुपये का पुरस्कार
फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विजेता टीम मुरली को 25 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता प्रेम नगर, मंगलहाट की टीम को 20 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। आयोजन समिति की ओर से दोनों टीमों को सम्मानित कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया गया।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में एलेन स्टार फुटबॉल क्लब के सदस्यों और स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू, सुभाष दास, बबलू टुडू, विकास यादव, ज्ञानचंद मंडल, सुभाष टुड्डू, अजय दास, राजकुमार महतो, सूरज टुडू, समीर राय, शेखर किस्कू, दिनेश टुडू, रोजमेरी बास्की, मसीह टुडू सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

