पेड़ पर पतंग निकालने चढ़ा 15 वर्षीय किशोर, 11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से मौत
पेड़ पर पतंग निकालने चढ़ा 15 वर्षीय किशोर

पेड़ पर पतंग निकालने चढ़ा 15 वर्षीय किशोर, 11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से मौत
राजमहल। राजमहल थाना क्षेत्र के मटियाल स्थित चहरबन्ना, वार्ड नंबर 12 में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पतंग निकालने के लिए पेड़ पर चढ़े 15 वर्षीय किशोर की 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मटियाल निवासी मुख्तार शेख के पुत्र समीउल शेख के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, समीउल अपने दोस्तों के साथ घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान उसकी पतंग पेड़ में फंस गई। पतंग निकालने के लिए वह पेड़ पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि पेड़ के बेहद करीब से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आते ही उसे जोरदार करंट लगा। करंट की चपेट में आने के बाद वह गंभीर रूप से झुलस गया और पेड़ से नीचे गिर पड़ा।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से किशोर को तत्काल राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर उदय टुडू ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर राजमहल थाना के एसआई एसके तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर, हादसे की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद केताबुद्दीन शेख और वार्ड पार्षद राजू सरकार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।
बिजली तारों की सुरक्षा पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आवासीय इलाके से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली लाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ों और घरों के बेहद नजदीक से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन भविष्य में भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। लोगों ने विद्युत विभाग से बिजली तारों का निरीक्षण कराने, आवश्यक स्थानों पर सुरक्षित/इंसुलेटेड केबल लगाने और हाई-वोल्टेज लाइन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।


