साहेबगंज जिला बना 3री सब जूनियर झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप का ओवरऑल विजेता
साहेबगंज जिला बना 3री सब जूनियर झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप का ओवरऑल विजेता

साहेबगंज जिला बना 3री सब जूनियर झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप का ओवरऑल विजेता
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
13 पदकों के साथ जिले के खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन, तीन वर्गों में हासिल किया चैंपियन का खिताब
साहेबगंज। झारखंड एथलेटिक्स संघ, रांची एवं धनबाद जिला एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में 21 से 22 अगस्त तक धनबाद के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 3री सब जूनियर झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में साहेबगंज जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया। जिले की टीम ने प्रतियोगिता में कुल 7 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य समेत 13 पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता में बालक अंडर-14, बालिका अंडर-14, बालक अंडर-16 एवं बालिका अंडर-16 सहित चार वर्गों में मुकाबले हुए। साहेबगंज की टीम ने बालक अंडर-14, बालिका अंडर-14 और बालक अंडर-16 वर्ग में विजेता का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता में राज्य के 24 जिलों के कुल 331 एथलीटों ने हिस्सा लिया था।
साहेबगंज के खिलाड़ियों ने लगातार दूसरे वर्ष बालक अंडर-14 एवं अंडर-16 वर्ग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इससे पहले वर्ष 2025 में जामताड़ा में आयोजित 2री झारखंड राज्य स्तरीय सब जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी साहेबगंज की टीम ने इन दोनों वर्गों में विजेता का खिताब जीता था।
इन खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक
बालक अंडर-14 के ट्रायथलॉन ग्रुप-ए में आयुष कुमार तथा किड्स जेवलिन में आकाश मंडल ने स्वर्ण पदक जीता। बालक अंडर-16 में 60 मीटर एवं 80 मीटर हर्डल्स में एमानुएल किस्कू तथा पेंटाथलॉन में परमा हांसदा ने स्वर्ण अपने नाम किया। बालिका अंडर-14 के किड्स जेवलिन में रौशनी कुमारी, जबकि बालिका अंडर-16 के जेवलिन में काजल कुमारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
रजत और कांस्य पदक भी जिले के नाम
बालक अंडर-14 किड्स जेवलिन में विशाल कुमार ने रजत पदक जीता। बालक अंडर-16 के 80 मीटर हर्डल्स में परमा हांसदा, बालिका अंडर-14 ट्रायथलॉन ग्रुप-सी में रोशनी कुमारी तथा बालिका अंडर-16 जेवलिन में बेबी कुमारी ने रजत पदक हासिल किया।
वहीं बालक अंडर-16 शॉटपुट में सन्नी राज और लंबी कूद में अफराज अंसारी ने कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
टीम के कोच योगेश यादव, अशोक साहनी तथा टीम मैनेजर निमाई चौधरी और अमन कुमार की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। जिले में खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय एवं डे बोर्डिंग एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं एवं प्रशिक्षकों के अथक प्रयास से यह उपलब्धि हासिल हुई।
साहेबगंज की इस शानदार उपलब्धि पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव, सचिव माधव चंद्र घोष, संतोष कुमार उर्फ टिंकू, ओम ततसत समेत जिलेवासियों ने विजेता खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


