बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
तालझारी। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के निर्देशानुसार उत्क्रमित उच्च बालिका विद्यालय, तालझारी में किशोरियों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, बाल संरक्षण, POCSO एक्ट, गुड टच-बैड टच, डिजिटल साक्षरता, मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, डायन प्रथा तथा सखी वन स्टॉप सेंटर सहित विभिन्न विषयों पर बालिकाओं को जानकारी दी गई।

किशोरियों को बाल विवाह की रोकथाम, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा हिंसा या किसी संकट की स्थिति में उपलब्ध सहायता एवं सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, प्रायोजन योजना, आफ्टर केयर एवं फोस्टर केयर जैसी सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान किशोरियों ने ‘एक पेड़ बेटी के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। साथ ही बालिकाओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण कर मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का संचालन संरक्षण पदाधिकारी, गैर-संस्थागत देखरेख, चंदा कुमारी ने किया। उन्होंने किशोरियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा को निरंतर आगे बढ़ाने, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मोहम्मद खालिद, जिला समन्वयक मंथन अमन वर्मा, परियोजना समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन मो. इकबाल, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य, शिक्षकगण सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
