झारखंड राज्य मिलेट मिशन के तहत बोरियो में किसान पंजीकरण शिविर आयोजित, किसानों ने लिया भाग
झारखंड राज्य मिलेट मिशन
झारखंड राज्य मिलेट मिशन के तहत बोरियो में किसान पंजीकरण शिविर आयोजित, किसानों ने भाग लिया

रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना के अंतर्गत प्रखंड बोरियो की तेलों पंचायत में मिलेट उत्पादक किसानों के पंजीकरण हेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में किसानों का पंजीकरण करते हुए उन्हें योजना के तहत उपलब्ध प्रोत्साहन राशि एवं अन्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में किसानों को मोटे अनाज (मिलेट) के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभ, कम लागत में अधिक उत्पादन, जलवायु परिवर्तन के अनुकूल खेती तथा आय वृद्धि में इसकी उपयोगिता के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही उन्नत उत्पादन तकनीकों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।


जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का ने बताया कि झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना के अंतर्गत किसानों को ₹3,000 प्रति एकड़ की दर से अधिकतम 5 एकड़ तक, कुल ₹15,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक मिलेट की खेती अपनाने एवं सरकारी पोर्टल www.jhmm.gov.in पर पंजीकरण कराने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान किसानों को PM-KUSUM, PM-KISAN, बीज विनिमय एवं वितरण योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, झारखंड कृषि ऋण माफी योजना, आत्मा योजना, किसान समृद्धि योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन, मृदा परीक्षण तथा बीज परीक्षण सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त वैज्ञानिक खेती, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं आधुनिक कृषि तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न योजनाओं एवं उन्नत कृषि पद्धतियों से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
शिविर में प्रखंड प्रमुख शांति बास्की, जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, उप परियोजना निदेशक मंटू कुमार, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक अनुपम हांसदा, सहायक तकनीकी प्रबंधक अंजू कुमारी एवं तान्या सिंह, जेएसएलपीएस के कर्मी, कृषक मित्र तथा किसान उपस्थित
रहे।


