
स्वतंत्रता की भावना के साथ नन्हे कदमों की नई उड़ान
साहिबगंज। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नाथ किड्ज़ोस एरा द्वारा एक विशेष एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, साहस और राष्ट्रप्रेम को नमन करने के साथ संस्था के प्रथम कार्यक्रम के शुभारंभ के रूप में भी महत्वपूर्ण रहा। कार्यक्रम स्वर्गीय श्री हरिनाथ गुप्ता की स्मृति को समर्पित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि Reverend Father Arul Doss रहे। इस अवसर पर St. Xavier’s School, Sahibganj के अन्य फादर्स की गरिमामयी उपस्थिति रही। साहिबगंज कॉलेज के डॉ. रणजीत कुमार सिंह एवं प्रो. एस. आर. इमाम रिज़वी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों को बचाना यानी भारत के भविष्य को बचाना है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को मोबाइल से दूर रखने तथा उनकी सृजनात्मक सोच के विकास पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों की रुचि को पहचानना जरूरी है। संगीत, साहित्य, कला, खेल, डांसिंग, सिंगिंग, पेंटिंग और क्रिएटिव आर्ट जैसे क्षेत्रों में बच्चों को पर्याप्त अवसर देकर उनकी प्रतिभा को निखारा जा सकता है।
कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वतंत्रता दिवस की भावना को विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर अभिव्यक्त किया। बच्चों की आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
नाथ किड्ज़ोस एरा का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे की विशिष्ट प्रतिभा को पहचानना और उसे उचित अवसर प्रदान करना है। संस्था का मानना है कि प्रत्येक बच्चा अपनी अलग क्षमता, सोच और प्रतिभा के साथ विशेष होता है। इसी उद्देश्य से बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों, प्रयोगात्मक सीख, स्वच्छता एवं स्वस्थ आदतों तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से सीखने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने के अवसर दिए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को “नन्हे वैज्ञानिक” के रूप में नई चीजों को जानने, प्रश्न पूछने, कल्पना करने और अपने विचारों को अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित किया गया। संस्था का प्रयास है कि बच्चों में ज्ञान, जिज्ञासा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता की ऐसी लौ प्रज्वलित हो, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बने।
कार्यक्रम का सफल आयोजन संस्था के निदेशक श्री अरिन गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने कहा कि नाथ किड्ज़ोस एरा का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी संभावनाओं को पहचानकर उन्हें स्वस्थ, रचनात्मक और आत्मविश्वासी व्यक्तित्व के रूप में विकसित करना है।
नाथ किड्ज़ोस एरा — “Where Little Minds Begin Their Era”, जहां नन्हे कदम नई सोच, नई उड़ान और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ते हैं।




