श्रावणी मेला के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा: दानापुर–साहिबगंज के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
श्रावणी मेला के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा
श्रावणी मेला के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा: दानापुर–साहिबगंज के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा साहिबगंज
साहिबगंज, 13 जुलाई। श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दानापुर और साहिबगंज के बीच विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह स्पेशल ट्रेन श्रावण माह में बाबा धाम की यात्रा करने वाले हजारों श्रद्धालुओं को अतिरिक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएगी।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 03236/03235 दानापुर–साहिबगंज–दानापुर श्रावणी मेला स्पेशल का संचालन 02 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक प्रत्येक रविवार किया जाएगा। इस अवधि में ट्रेन कुल 05 फेरे लगाएगी।
यह विशेष ट्रेन दानापुर–साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस (13236/13235) के समान मार्ग, समय-सारिणी और ठहराव के अनुसार संचालित होगी। मालदा मंडल के अंतर्गत दोनों दिशाओं में ट्रेन मिर्जाचौकी, शिवनारायणपुर, पीरपैंती, कहलगांव, एकचारी, घोघा, भागलपुर, अकबरनगर, सुल्तानगंज, बरियारपुर, जमालपुर, धरहरा, अभयपुर और कजरा स्टेशनों पर रुकेगी।
रेलवे ने श्रद्धालुओं और यात्रियों से इस विशेष ट्रेन सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। माना जा रहा है कि श्रावणी मेला के दौरान इस अतिरिक्त ट्रेन से यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और सफर अधिक सुविधाजनक होगा।


