साहिबगंज महाविद्यालय में 53 एनसीसी कैडेटों का चयन
शारीरिक दक्षता, मेडिकल एवं लिखित परीक्षा के बाद पूरी हुई चयन प्रक्रिया

साहिबगंज महाविद्यालय में 53 एनसीसी कैडेटों का चयन‾
शारीरिक दक्षता, मेडिकल एवं लिखित परीक्षा के बाद पूरी हुई चयन प्रक्रिया
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। साहिबगंज महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) में भर्ती हेतु चयन प्रक्रिया शनिवार को आयोजित की गई। स्थानीय सिदो-कान्हू स्टेडियम में आयोजित चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा, मेडिकल जांच एवं लिखित परीक्षा के बाद कुल 53 कैडेटों का अंतिम रूप से चयन किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने सभी चयनित कैडेटों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें एनसीसी की नियमित परेड एवं अन्य गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कैडेटों से अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ एनसीसी की गतिविधियों में योगदान देने का आह्वान किया।
चयन प्रक्रिया एनसीसी के नायक सूबेदार प्रीतिचमान गुरुम एवं हवलदार सुरेंद्र सिंह की देखरेख में संपन्न हुई। इस अवसर पर एनसीसी के केयरटेकर ऑफिसर डॉ. वसीम राजा तथा सीनियर अंडर ऑफिसर शंकर कुमार यादव और अंगद यादव उपस्थित रहे।
बताया गया कि यह चयन प्रक्रिया पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 सितंबर 2026 को आयोजित होनी थी। लेकिन क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति तथा विद्यार्थियों को हुई परेशानियों को देखते हुए छात्रों ने प्राचार्य से चयन प्रक्रिया की तिथि अनुकूल दिवस पर निर्धारित करने का अनुरोध किया था। छात्रों के अनुरोध को स्वीकार करते हुए प्राचार्य ने चयन प्रक्रिया की नई तिथि 26 सितंबर 2026 निर्धारित की, जिस पर शनिवार को चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

