
मिर्जाचौकी थाना पहुंचे एसपी अमित कुमार सिंह, औचक निरीक्षण कर दिए कई अहम निर्देश
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार जिला ब्यूरो साहिबगंज।
साहिबगंज। जिले में विधि-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह ने सोमवार को मिर्जाचौकी थाना का औचक निरीक्षण किया। एसपी के अचानक थाना पहुंचने से पुलिसकर्मियों में हलचल रही।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, कार्यालय एवं पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। थाना की व्यवस्था और निरीक्षण के दौरान मिली स्थिति पर एसपी ने संतोष व्यक्त किया।
एसपी अमित कुमार सिंह ने थाना प्रभारी रूपेश कुमार यादव को क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग एवं नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित मामलों में कार्रवाई तेज करने, विभिन्न मामलों में फरार एवं वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अपराध नियंत्रण को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाए। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर आम लोगों से संपर्क बनाए रखने की भी हिदायत दी।


