बाढ़ प्रभावित साहिबगंज के लिए विधायक एमटी राजा ने मांगी तत्काल राहत राशि
बाढ़ प्रभावित साहिबगंज के लिए विधायक एमटी राजा ने मांगी तत्काल राहत राशि

बाढ़ प्रभावित साहिबगंज के लिए विधायक एमटी राजा ने मांगी तत्काल राहत राशि
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
राजमहल। साहिबगंज जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ से उत्पन्न गंभीर स्थिति को देखते हुए राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने झारखंड सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री को पत्र भेजकर प्रभावित परिवारों के लिए पर्याप्त राहत राशि एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार प्रभावित हुए हैं। बाढ़ की वजह से कई गांवों में जलजमाव, आवागमन बाधित होने, कच्चे एवं कमजोर मकानों के क्षतिग्रस्त होने, फसलों के नुकसान तथा दैनिक जीवन की आवश्यक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
उन्होंने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ भोजन, पेयजल, दवा, आवश्यक सामग्री एवं अन्य राहत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई है। साथ ही बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क, पुल-पुलिया, विद्युत व्यवस्था और पेयजल स्रोतों की मरम्मत एवं पुनर्स्थापना के लिए भी तत्काल वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।
विधायक एमटी राजा ने सरकार से आग्रह किया कि आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से साहिबगंज जिला प्रशासन को पर्याप्त राशि/आवंटन तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों को समय पर राहत एवं सहायता मिल सके और बचाव, राहत एवं पुनर्वास कार्य प्रभावी ढंग से संचालित हो सकें।
इसके अलावा उन्होंने प्रखंडवार एवं पंचायतवार बाढ़ से हुई क्षति का आकलन कर प्रभावित परिवारों, किसानों एवं अन्य क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के लिए नियमानुसार मुआवजा एवं राहत राशि उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की है।
विधायक ने जनहित में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए मांग पर अविलंब कार्रवाई करते हुए पर्याप्त राहत राशि एवं आवश्यक आवंटन उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।


