लैलख ममलखा स्टेशन पर ट्रैक लेआउट में सुधार, रेल परिचालन की सुरक्षा और दक्षता बढ़ेगी
रेल परिचालन की सुरक्षा और दक्षता बढ़ेगी

लैलख ममलखा स्टेशन पर ट्रैक लेआउट में सुधार, रेल परिचालन की सुरक्षा और दक्षता बढ़ेगी
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
मालदा मंडल की इंजीनियरिंग टीम ने निर्धारित ब्लॉक अवधि में पूरा किया तकनीकी कार्य, क्रॉसओवर की लंबाई में 2.54 मीटर की वृद्धि
मालदा। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, सुचारु और विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में इंजीनियरिंग विभाग ने 27 एवं 28 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि में लैलख ममलखा रेलवे स्टेशन के भागलपुर छोर पर स्थित पॉइंट संख्या 58A एवं 58B के बाधित ट्रैक लेआउट में सफलतापूर्वक सुधार किया। इस दौरान पॉइंट संख्या 58A को साहिबगंज छोर की ओर स्थानांतरित किया गया।

रेलवे के अनुसार, इस कार्य का मुख्य उद्देश्य ट्रैक की ज्यामितीय बाधाओं को दूर करना और पटरियों के संरेखण में सुधार करना था। इसके तहत क्रॉसओवर की कुल लंबाई में 2.54 मीटर की वृद्धि की गई। साथ ही मुख्य लाइन के कर्व का पुनः संरेखण किया गया, जिससे क्रॉसओवर में मौजूद असमान मोड़ (किंक) को समाप्त करने और ट्रेनों की आवाजाही को अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।
यह तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण कार्य निर्धारित ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक की अवधि के भीतर पूरा किया गया। कार्य को सफल बनाने में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वित प्रयास किया। मौके पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-2 एवं वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-3, मालदा उपस्थित रहे। वहीं, सहायक मंडल इंजीनियर, भागलपुर के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में स्थायी मार्ग (P.Way) के पर्यवेक्षकों ने कार्य को अंजाम दिया। विद्युत (TRD) और सिग्नल विभाग ने भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस सुधार से ट्रैक ज्यामिति निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाने, ट्रेनों की आवाजाही को सुचारु करने और परिचालन संबंधी बाधाओं को दूर करने में मदद मिलेगी। इससे रेल परिचालन की सुरक्षा, विश्वसनीयता और दक्षता में भी सुधार होने की उम्मीद है।
मालदा मंडल ने कहा कि रेल पटरियों एवं संबंधित अवसंरचना के निरंतर उन्नयन, तकनीकी बाधाओं को दूर करने और आधुनिक सुधारों को अपनाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय, समयबद्ध और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराना है।




