स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बावजूद 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की मांगें लंबित
06 अक्टूबर से राज्यभर में पुनः चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे कर्मचारी

स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बावजूद 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की मांगें लंबित
06 अक्टूबर से राज्यभर में पुनः चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे कर्मचारी
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने 108 आपातकालीन एम्बुलेंस कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। संघ के साहिबगंज जिला उपाध्यक्ष रोहित रंजन ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में 16 सितंबर 2026 को हुई बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर 15 से 20 दिनों के भीतर विचार कर समाधान का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद संघ ने प्रस्तावित आंदोलन को 20 दिनों के लिए स्थगित कर दिया था।
रोहित रंजन ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बावजूद मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों में निराशा है। उन्होंने कहा कि सरकार के आश्वासन का सम्मान करते हुए कर्मचारियों ने आंदोलन स्थगित किया था, लेकिन अब 06 अक्टूबर 2026 से राज्यभर में पुनः चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।

संघ की प्रमुख मांगें
संघ की मांग है कि अभियान निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के पत्रांक 2499 (MD), दिनांक 06 अगस्त 2026 तथा संबंधित निर्देशों का तत्काल अनुपालन करते हुए राज्यभर में 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन संबंधित जिलों के सिविल सर्जन के माध्यम से सरकारी स्तर पर शुरू किया जाए और कर्मचारियों के वेतन का भुगतान भी सिविल सर्जन के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा सम्मान फाउंडेशन द्वारा सेवा से हटाए गए कर्मचारियों को उनके संबंधित जिले में पुनः सेवा में बहाल करने, 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों को ईपीएफ, ईएसआई, ओवरटाइम, ग्रेच्युटी, न्यूनतम वेतन समेत सभी श्रमिक एवं वैधानिक अधिकार उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
6 अक्टूबर से आंदोलन का कार्यक्रम
संघ के अनुसार 06 से 09 अक्टूबर तक कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर कार्य करेंगे। 09 अक्टूबर को सभी जिलों में सिविल सर्जन कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक कैंडल मार्च निकाला जाएगा। 12 अक्टूबर को सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष भिक्षाटन कार्यक्रम, जबकि 14 अक्टूबर को सिविल सर्जन कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
16 अक्टूबर को राज्यभर में एक दिवसीय पूर्ण हड़ताल के साथ नामकुम, रांची स्थित एनएचएम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं 21 अक्टूबर से मांगों के समाधान तक राज्यभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं चरणबद्ध विरोध-प्रदर्शन करने की घोषणा की गई है।
संघ ने कहा कि आंदोलन के सभी कार्यक्रम लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से किए जाएंगे। संघ ने सरकार से अपील की है कि 06 अक्टूबर से आंदोलन शुरू होने से पहले कर्मचारियों की लंबित मांगों पर ठोस निर्णय लेकर उसका अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्य की महत्वपूर्ण 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा प्रभावित न हो।

