सकरिगली–महाराजपुर के बीच तटबंध पुनर्बहाली कार्य युद्धस्तर पर जारी, डीआरएम ने किया निरीक्षण
डीआरएम ने किया निरीक्षण

सकरिगली–महाराजपुर के बीच तटबंध पुनर्बहाली कार्य युद्धस्तर पर जारी, डीआरएम ने किया निरीक्षण
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल में रेलमार्ग की सुरक्षा को लेकर तटबंध पुनर्बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। शुक्रवार को मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने मालदा टाउन–साहिबगंज रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलमार्ग एवं रेलवे आधारभूत संरचना की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद डीआरएम ने साहिबगंज–बरहरवा रेलखंड के सकरिगली एवं महाराजपुर स्टेशन के बीच चल रहे तटबंध पुनर्बहाली कार्य का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए पुनर्बहाली गतिविधियों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तटबंध को मजबूत करने और नदी के जल प्रवाह से हो रहे मृदा कटाव को रोकने के लिए नदी किनारे तार-जाल संरचनाओं में पैक किए गए बोल्डरों को लगाया जा रहा है। कार्य में तेजी लाने के लिए रेलवे के अभियंत्रण विभाग के कर्मचारी एवं श्रमिक चौबीसों घंटे कार्य कर रहे हैं।
डीआरएम ने पुनर्बहाली कार्य में जुटे रेलवे कर्मचारियों एवं श्रमिकों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। चौबीसों घंटे कार्य संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सा सहायता, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आपातकालीन एवं बचाव संबंधी व्यवस्थाएं भी तैयार रखी गई हैं।
कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर रहे हैं। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल की ओर से कहा गया है कि यात्री सुरक्षा और ट्रेन परिचालन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा तटबंध पुनर्बहाली कार्य को जल्द पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




