दाहुटोला में करीब 600 बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण, 225 पशुपालकों को मिला पशुचारा
225 पशुपालकों को मिला पशुचारा

दाहुटोला में करीब 600 बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण, 225 पशुपालकों को मिला पशुचारा
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
राजमहल। राजमहल प्रखंड क्षेत्र के दाहुटोला पंचायत में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने मंगलवार की सुबह प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त टीम पहुंची। एसडीओ सदानंद महतो, विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू तथा नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख ने प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों और पंचायत प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद प्रभावित लोगों के बीच सूखा राहत सामग्री का वितरण किया गया। करीब 600 बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई, जबकि 225 पशुपालकों के बीच पशुचारा का वितरण किया गया।

पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए अभी और राहत सामग्री तथा पशुचारा की जरूरत है। इस पर एसडीओ ने आवश्यकता के अनुसार जल्द अतिरिक्त सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
बाढ़ के कारण दाहुटोला पंचायत की मुख्य सड़क, जो राजमहल प्रखंड मुख्यालय से जुड़ती है, जलमग्न हो गई है। इसके चलते लोगों को आवागमन के लिए उधवा के बालूगांव होकर वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है।
मौके पर राजस्व कर्मचारी ब्रह्मदेव मंडल, मुखिया प्रतिनिधि मो. सत्तार समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।



