मुडली मिशन स्कूल में मलेरिया जांच अभियान शुरू, विद्यार्थियों की हुई स्वास्थ्य जांच
मुडली मिशन

मुडली मिशन विद्यालय में मलेरिया जांच अभियान शुरू, विद्यार्थियों की हुई स्वास्थ्य जांच
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा जिला ब्यूरो साहिबगंज।
साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड क्षेत्र में मलेरिया की रोकथाम एवं समय पर पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को मंडली मिशन के विद्यालयों में मलेरिया जांच अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों एवं अन्य लोगों की मलेरिया जांच की तथा बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक किया।
मुडली मिशन उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य फादर सुनीत कुल्लू ने की। जांच अभियान में स्वास्थ्य विभाग की ओर से केटीएस दानिएल किस्कू, एमपीडब्ल्यू रूपेश कुमार पासवान, एमपीडब्ल्यू पप्पू कुमार एवं सीएचओ बिनीता कुजूर उपस्थित रहे। टीम ने विद्यार्थियों की जांच करते हुए मलेरिया के लक्षण, बचाव के उपाय तथा समय पर उपचार की आवश्यकता की जानकारी दी।
वहीं, मुडली मिशन मिडिल स्कूल में आयोजित मलेरिया जांच कार्यक्रम की अध्यक्षता फादर मथियास किस्कू ने की। इस अभियान में केटीएस दानिएल किस्कू, एमपीडब्ल्यू दीपक कुमार सिंह तथा एमपीडब्ल्यू विजय पासवान ने भाग लिया। स्वास्थ्यकर्मियों ने विद्यार्थियों की जांच कर उन्हें साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी के उपयोग तथा आसपास जलजमाव नहीं होने देने की सलाह दी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में मलेरिया के मामलों की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में विद्यालयों में विशेष जांच अभियान चलाकर संभावित मरीजों की समय पर पहचान की जा रही है, ताकि संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। विद्यालय प्रबंधन ने भी स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की।


