सड़क दुर्घटना में मजदूर की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
सड़क दुर्घटना में मजदूर की दर्दनाक मौत

सड़क दुर्घटना में मजदूर की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
राजमहल। सोमवार की शाम सड़क दुर्घटना में महावीर उरांव की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महावीर उरांव मजदूरी का काम करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने घायल महावीर उरांव को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, राजमहल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। करीब एक से दो घंटे तक सड़क जाम रहने के कारण आवागमन प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर सड़क जाम हटवाया। थाना प्रभारी ने परिजनों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया और यातायात सामान्य हुआ।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



