पीएम पोषण योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक, शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर
पीएम पोषण योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक

पीएम पोषण योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक, शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने को लेकर जिला स्तरीय स्टेयरिंग-सह-मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के विभिन्न घटकों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि जुलाई 2026 में पीएम पोषण योजना से आच्छादित विद्यालयों में बच्चों की औसत उपस्थिति 69.59 प्रतिशत रही, जबकि जून में यह 68.52 प्रतिशत थी। हालांकि राज्य स्तर पर जिले की स्थिति 22वें स्थान पर रही। बच्चों की उपस्थिति में और सुधार लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया गया।
नामांकन की समीक्षा में पाया गया कि मार्च 2026 में बाल वाटिका, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर कुल 2,14,366 बच्चों का नामांकन था, जो जुलाई में घटकर 2,08,290 रह गया। यानी छह हजार से अधिक बच्चों के नामांकन में कमी आई है। समिति ने नामांकन में कमी के कारणों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का निर्देश दिया।
वहीं जुलाई माह में कुल नामांकित बच्चों में से 50,231 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जो 24.12 प्रतिशत है। शेष बच्चों की स्वास्थ्य जांच निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर मार्च 2027 तक शत-प्रतिशत स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।
आईएफए गोली सेवन की समीक्षा में बताया गया कि जुलाई में 1,36,896 बच्चों ने आईएफए गोली का सेवन किया, जो कुल नामांकित बच्चों का 65.72 प्रतिशत है। कम उपलब्धि वाले प्रखंडों में विशेष अभियान चलाकर बच्चों को नियमित रूप से आईएफए गोली उपलब्ध कराने और सेवन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में आधार की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिले के 2,08,290 नामांकित बच्चों में से 2,00,507 बच्चों का आधार उपलब्ध है, जबकि 1,69,112 बच्चों का आधार प्रमाणीकरण किया जा चुका है। कम प्रमाणीकरण वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत आधार प्रमाणीकरण का लक्ष्य पूरा करने को कहा गया।
पोषण वाटिका की समीक्षा में बताया गया कि जिले के 1,280 विद्यालयों में से 1,234 विद्यालयों में पोषण वाटिका संचालित है। शेष 46 विद्यालयों में भी पोषण वाटिका स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा पुनः खोले गए 28 विद्यालयों में मध्याह्न भोजन पकाने एवं परोसने के लिए आवश्यक बर्तनों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। बच्चों को भोजन के दौरान बैठने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए DMFT, CSR, United Fund अथवा अन्य उपलब्ध मदों से पटिया/आसन की व्यवस्था करने पर भी चर्चा हुई।
समिति ने पीएम पोषण योजना के सभी घटकों की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए उपस्थिति, नामांकन, स्वास्थ्य जांच, आईएफए सेवन, आधार प्रमाणीकरण और पोषण वाटिका के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए समन्वित एवं परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री संजय कुमार दास, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री नयन कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक श्रीमती उर्मिला हांसदा समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।



